तरबगंज। पीडी बंधा मार्ग पर सोमवार सुबह युवती का शव मिलने के मामले में पुलिस को 36 घंटे बाद भी कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। अभी तक युवती की शिनाख्त भी नहीं हो सकी है। इस वजह से शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया जा सका है। शव को मार्च्यूरी में रखवा दिया गया है।
युवती की शिनाख्त के लिए पुलिस सोशल मीडिया तथा अन्य माध्यमों का सहारा ले रही है लेकिन सफलता नहीं मिली है। कोतवाल केके त्रिपाठी ने बताया कि बंधा मार्ग और आसपास इलाके में लगे लगभग आधा दर्जन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। अन्य संभावित स्थानों से फुटेज जुटाई जा रही है। सीओ उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गईं हैं।