गोंडा। झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद 12 साल की बालिका की हालत बिगड़ गई। सीएचसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के मिश्रौलिया कला मेवड़िया पुरवा निवासी प्रवेश मिश्र ने शनिवार को पुलिस को सूचना देकर बताया कि उनकी भतीजी रिया मिश्रा (12) की तबीयत शनिवार को अचानक खराब हो गई। जिस पर उसे अमवा स्थित झोलाछाप राजकुमार के यहां ले जाया गया। जहां झोलाछाप के इंजेक्शन लगाते ही रिया की हालत बिगड़ गई। रिया को आनन-फानन मनकापुर सीएचसी पर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाने से बच्ची की मौत होने का आरोप लगाया है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आलोक चौधरी ने बताया कि सीएचसी आने से पहले ही बालिका की मौत हो चुकी थी। वहीं, सीएचसी अधीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर संबंधित क्लीनिक संचालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मनकापुर कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि बालिका के चाचा की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी झोलाछाप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।