गोंडा। शादी तय होने से नाराज एक युवती ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि वृहस्पतिवार रात लगभग 10 बजे रेलवे से सूचना मिली कि मनकापुर-नबाबगंज रेल मार्ग पर मूसेगंज गांव के पास रेल ट्रैक पर एक युवती का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर छानबीन की गई मगर मृतका की पहचान नहीं हो सकी। इस पर शव कोतवाली लाया गया। शुक्रवार सुबह मृतका के पिता पंचम निवासी देवीपुर, थाना वजीरगंज ने कोतवाली आकर शव की शिनाख्त अपनी बेटी रिंका (21) के रूप में की।
पिता ने बताया कि रिंका की शादी तय कर दी थी। इससे नाराज होकर कुछ दिन पहले वह अपने ननिहाल ग्राम बन्दरहा के बेलहा पुरवा चली गई थी। बृहस्पतिवार रात आठ बजे रिंका अपने नाना मुसई के घर से कहीं चली गई थी। दोनों परिवारों के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।