परसपुर में इसी रास्ते से निकाला जाएगा बाईपास। - संवाद
गोंडा। जिले में विकास कार्यों को गति मिलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग के प्रस्तावों को शासन से स्वीकृति मिल गई है। इसके तहत 205.43 करोड़ रुपये की लागत से परसपुर बाईपास के निर्माण के साथ-साथ कई प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए पहली किस्त जारी कर दी गई है, जिससे शीघ्र निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
परसपुर कस्बे में बढ़ते यातायात के दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए लगभग पांच किलोमीटर लंबे परसपुर बाईपास का निर्माण किया जाएगा। यह बाईपास नवाबगंज–करनैलगंज मार्ग पर चरहुआं के पास से शुरू होकर नहर की पटरी से भौरीगंज मार्ग होते हुए बल्दूपुरवा स्थित ट्रैक्टर एजेंसी तक बनेगा। इस परियोजना के लिए 20.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जिसमें से 10.21 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। सात मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण पर करीब 13 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शेष धनराशि पोल शिफ्टिंग व अन्य कार्यों में उपयोग की जाएगी। पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि स्वीकृत सभी कार्यों को जल्द से जल्द शुरू कराने के लिए संबंधित अधिशाषी अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यदायी संस्थाओं को नामित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि परियोजनाओं में देरी न हो। वहीं, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-2 के अधिशासी अभियंता वीके त्रिपाठी ने बताया कि फरवरी से बाईपास निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
इन प्रमुख मार्गों का होगा चौड़ीकरण
गौरा पांडेय-परसा तिवारी-घारीघाट-अल्लीपुर-गिन्नीनगर मार्ग : प्रांतीय खंड के 16.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर 37.57 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके लिए 12.56 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है।
बरईपारा-महराजगंज-रामपुर टेंगरहा-धौरहरा-दत्तनगर मार्ग : निर्माण खंड-2 के 29 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर 81.18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए 27.39 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।
वजीरगंज-झिलाही-मनवर-आईटीआई मार्ग : प्रांतीय खंड के 7.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 14.88 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 7.26 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
शीशामऊ-गद्दोपुर-कोंचा-पहाड़ापुर-बराव मार्ग : निर्माण खंड-2 के 19.80 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस पर 51.38 करोड़ रुपये की लागत आएगी। काम शुरू करने के लिए 17.42 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।