रामसूरत वर्मा की फाइल फोटो और मौत पर बिलखते परिजन। -संवाद
खोड़ारे। खोड़ारे के कूकनगर ग्रंट रामसहाय डीह निवासी लोकतंत्र रक्षक सेनानी रामसूरत वर्मा (70) का शव सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई। परिजन आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने व हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद भाजपा विधायक प्रभात वर्मा व एएसपी पूर्वी अजीत कुमार रजक भी मौके पर पहुंचे। परिजनों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
रामसूरत वर्मा के दामाद राकेश वर्मा ने बताया कि रविवार सुबह पिटाई से उनके ससुर घायल हो गए थे। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए थे। जहां से इलाज के बाद घर ले आए थे। शाम को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद रामसूरत की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही रामकुमार वर्मा, उसके पुत्र रवि वर्मा और पुत्री सरिता व संगीता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी।
सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद उनका शव गांव पहुंचा। परिजन, रिश्तेदार सहित अन्य लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंचे भाजपा विधायक प्रभात वर्मा ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। फिर सम्मान के साथ रामसूरत वर्मा का अंतिम संस्कार कराया गया।
रामसूरत वर्मा की फाइल फोटो और मौत पर बिलखते परिजन। -संवाद