बलरामपुर। हरैया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुगौली कला के मजरे नई बाजार में सात जुलाई की रात हुआ भीषण धमाका शिकार के लिए भरुई बंदूक में इस्तेमाल होने वाले बारूद से हुआ था। जिसे आरिफ ने शौचालय के पीछे जमीन में गाड़कर छिपा रखा था। ये खुलासा आरिफ, उसके पत्नी, बेटे व दो साथियों को दबोचकर मंगलवार को पुलिस ने किया है। हालांकि जमीन में गाड़े गए बारूद में धमाका कैसे हुआ? से रहस्य अब भी बरकरार है।
एसपी केशव कुमार ने मंगलवार शाम अपने कार्यालय के सभागार में विस्फोट के मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हरैया थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुगौली कला के मजरे नई बाजार निवासी मोहम्मद आरिफ उर्फ गुड्डू के घर के बाहर शौचालय में सात जुलाई की रात 09:10 बजे भीषण विस्फोट हुआ था। बताया गया कि इसकी आवाज करीब 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ी थी।विस्फोट के बाद आरिफ उर्फ गुड्डू घर में ताला लगाकर परिजनों संग भाग गया था। छानबीन में पता चला कि शौचालय के पीछे जमीन में दबाकर रखे गए बारूद से विस्फोट हुआ था। मामले में मोहम्मद आरिफ उर्फ गुड्डू के खिलाफ 3/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत हरैया थाने में केस दर्ज किया गया था। आरिफ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई थीं। मंगलवार को एसओजी व पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी मोहम्मद आरिफ उर्फ गुड्डू, उसकी पत्नी नूरजहां व बेटे इकबाल को सिरसिया तुलसीपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरिफ ने बताया कि उसके पास भरुई बंदूक है जिससे वह जंगल में शिकार करता है। उसने बंदूक में भरने के लिए दो साल पहले पटाखा बनाने वाले अजमेर से एक हजार रुपये में 1.5 किलोग्राम बारूद खरीदा था। उसने भरुई बंदूक को शिकार के लिए दो बार इस्तेमाल भी किया था। करीब सवा किलो बारूद बचा था। इसे आरिफ ने पत्नी नूरजहां व बेटे इकबाल की मदद से घर के बगल में सेफ्टी टैंक के पीछे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। उसके ऊपर टीन शेड भी रखा था ताकि पानी से बारूद खराब न हो। आरिफ ने बताया कि उसने अपनी भरुई बंदूक फतेह मोहम्मद उर्फ फत्ते के यहां छिपाई थी। हालांकि जमीन में गाड़कर छिपाए गए बारूद में विस्फोट कैसे हुआ? ये आरिफ नहीं बता सका।
पुलिस ने आरिफ द्वारा बताए गए पते पर छापा मारकर उसे बारूद बेचने वाले गुगौली कला गांव निवासी अजमेर और बंदूक छिपाने वाले मोहम्मद उर्फ फत्ते को भी दबोच लिया। पूछताछ में फत्ते ने बताया कि विस्फोट के दूसरे दिन आठ जुलाई की रात में उसने बंदूक को खेत में गड्ढा खोदकर गाड़ दिया था। फत्ते की निशानदेही पर पुलिस ने बंदूक बरामद कर ली है।
एसपी ने बताया कि अजमेर बारूद कहां से लाया? और आरिफ को बंदूक कहां से मिली? इसका पता लगाया जा रहा है। बारूद के कारोबार में जो लोग भी शामिल पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरिफ की हिस्ट्रीशीट भी खोली जाएगी।
गुगौली कला गांव निवासी अजमेर को वर्ष 2019 में 850 अवैध पटाखों के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ हरैया थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। चार साल बाद एक बार फिर वह बारूद के कारोबार में पकड़ा गया है।
मीन के नीचे दबाए गए बारूद में अचानक विस्फोट कैसे हुआ? ये अब तक नहीं स्पष्ट हो सका। हालांकि एसपी ने इस मामले में फोरेंसिक एक्सपर्ट से राय मांगी है। वहीं, अवैध भरुई बंदूक से आरिफ ने जंगल में दो बार शिकार किया था। अब सवाल यह है कि यदि उसने दो बार शिकार किया तो पुलिस व वन विभाग को भनक क्यों नहीं लगी? इसी तरह नेपाल सीमा के नजदीक एवं सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग से सटे गुगौली कला ग्राम पंचायत में अवैध बारूद की खेप कहां से पहुंची? यह भी अहम सवाल है।