गोंडा। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में 42 हजार विद्यार्थियों के नामांकन का मिलान नहीं हो सका है। वहीं, प्रशस्त एप का प्रशिक्षण भी 52 फीसदी शिक्षक पूरा नहीं कर सके हैं। शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों के साथ बैठक कर कमियों पर जवाब मांगा। उन्होंने लंबित कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए।
पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित बैठक में डीआईओएस ने यू-डायस प्लस और यूपी बोर्ड के पोर्टल पर दर्ज विद्यार्थियों की संख्या में अंतर दूर करने को कहा। साथ ही प्रशस्त एप पर निर्धारित 10 संवेदीकरण वीडियो देखकर प्रशिक्षण पूरा करने के निर्देश दिए।
जिले के 514 माध्यमिक विद्यालयों में से 306 में ही शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति नियमित दर्ज हो रही है। हालांकि, बीते चार दिनों से जिले की रैंकिंग 13वें स्थान पर बनी हुई है। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर प्रतिदिन शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने को कहा। बैठक में ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड करने और गतिविधियां पूरी करने की समीक्षा भी की गई। मिशन कर्मयोगी पोर्टल पर निर्धारित कोर्स 98 फीसदी पूरा होने की जानकारी दी गई। शेष कोर्स जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय होने की सूचना देने और संबंधित कार्रवाई पूरी करने को कहा गया। बैठक में करीब 150 विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधक शामिल हुए।