जिले भर में गुरुवार को आपसी सौहार्र्द व भाईचारगी का पैगाम देने वाले ईद का त्यौहार जोशोखरोश के साथ मिलजुलकर मनाया गया। मुस्लिमों ने ईद के दिन सुबह अलग-अलग ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की।
रमजान के रोजे के बाद ईद की शक्ल में मिले इनाम का लोगों ने नमाज में खुदा का शुक्र अदाकर मुल्क में अमन-चैन कायम रहने व तरक्की के लिए दुआएं मांगीं। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देकर भाईचारगी व खुशी का इजहार किया।
ईद के दिन लोग उम्दा लिबास में ईदगाह व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा करने के लिए निकले। शहर के मोहल्ला पटेल नगर स्थित गोंडा ईदगाह में बड़ी तादाद में लोगों ने पहुंच कर ईद की नमाज अदा की। ईदगाह के इमाम मौलाना मुजक्कि र हुसैन ने लोगों को ईद की नमाज पढ़ाई। उन्होंने नमाज के पहले ईदगाह में अपनी तकरीर में कहा कि जिस तरह से रमजान के महीने में आप लोगों ने तमाम बुराइयों से दूर रहकर इबादतें कीं, नेक काम किये ऐसे ही बाकी के दिनों में भी अपनी जिंदगी गुजारें।
ईदगाह में 9.30 बजे लोगों ने ईद की विशेष नमाज अदा की। इसके बाद मुल्क में अमन, शांति व तरक्की की दुआएं मांगी र्गइं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। वहीं, ईद पर सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए थे।
डीएम आशुतोष निरंजन, एसपी सुधीर कुमार सिंह, एडीएम त्रिलोकी सिंह, एएसपी रवींद्र कुमार सिंह ईदगाह स्थित चौराहे पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखे हुए थे। आसपास इलाके में भारी फोर्स की तैनाती रही। ईद पर बच्चों ने खूब मस्ती की।
बच्चों ने ईदगाह जाकर ईद की नमाज देखी। ईदगाह के आसपास लगी मिठाई, आइसक्रीम की दुकानों पर अपनी मनपसंद की चीजों का लुत्फ लिया। वहीं, विधानसभा चुनाव 2017 का लक्ष्य साधने की गरज से ईदगाह के पास कुछ जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। मुस्लिमों को अपने पाले में लाने के लिए किसी ने गले मिलकर तो किसी ने लड्डू बांटकर अपने को मुस्लिमों को जोड़ने का प्रयास किया।
ईद के मौके पर ईदगाह के बाहर अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी रखने के साथ लोगों से मिलकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी। डीएम आशुतोष निंरजन, एसपी सुधीर कुमार सिंह, एडीएम त्रिलोकी सिंह, एएसपी रवीन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम अविनाश कुमार व सीआरओ अरुण कुमार शुक्ल ने लोगों से गले मिलकर शुभकामनाएं दी। ईद की नमाज के बाद एक-दूसरे के घर जाकर लोगों ने सिंवइयों व अन्य व्यजंनों का लुत्फ उठाया। इसके अलावा कस्बों व गांवों में भी जोरदार तरीके से ईद मनाई गई।