फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: बड़े खेल मैदानों से चमके जिले के सितारे

Sun, 26 Jul 2026 11:46 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
पीएमश्री जीआईसी में अभ्यास करते बच्चे व शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में खेलते बच्चे। -स
विज्ञापन
गोंडा। जिले के कई माध्यमिक विद्यालयों में खेल मैदान सिर्फ खेलकूद का स्थान नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने वाली नर्सरी साबित हो रहे हैं। इन्हीं मैदानों में पसीना बहाकर कई खिलाड़ियों ने अपनी पहचान देश और विदेश तक बनाई है। ऐसे में खेल मैदानों का संरक्षण और उनमें नियमित खेल गतिविधियों का संचालन अब और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
विज्ञापन

जिले में कुल 515 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें 29 राजकीय, 42 सहायता प्राप्त और 444 निजी मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज का मैदान जिले के सबसे बड़े खेल मैदानों में गिना जाता है। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज का अदम गोंडवी खेल मैदान सुबह-शाम खिलाड़ियों की चहल-पहल से गुलजार रहता है। यहां विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ ही शहर के अन्य खिलाड़ी भी नियमित अभ्यास करने पहुंचते हैं। इन्हीं मैदानों से निकलकर कई खिलाड़ियों ने क्रिकेट और अन्य खेलों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाई है। इससे साबित होता है कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर मैदान और नियमित अभ्यास का अवसर मिले तो जिले की प्रतिभाएं किसी भी स्तर पर अपना दमखम दिखा सकती हैं।
अदम गोंडवी मैदान से श्रीलंका तक पहुंचा लक्ष्य
शहर के मालवीय नगर निवासी लक्ष्य रायचंदानी ने हाल ही में श्रीलंका में आयोजित क्रिकेट सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। उन्होंने टूर्नामेंट में एक दोहरा शतक, एक शतक और दो अर्धशतक जड़कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। लक्ष्य ने बचपन में क्रिकेट की बारीकियां अदम गोंडवी मैदान में ही सीखी थीं।
विज्ञापन

यहीं से मिली अंडर-19 विश्व कप की राह
अदम गोंडवी मैदान में शुरुआती अभ्यास करने वाले आकाश तिवारी का चयन आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2024 के लिए हुआ था। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित विश्व कप में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व कर जिले का गौरव बढ़ाया। शहर के तोपखाना निवासी अधिवक्ता विनय तिवारी के पुत्र आकाश स्पिनर के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
रणजी तक पहुंचीं अंशू
शहर के दुखहरणनाथ क्षेत्र की रहने वाली अंशू ने अदम गोंडवी मैदान और शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के मैदान पर नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखारा। मेहनत के दम पर उन्होंने महिला रणजी टीम और महिला टी-20 टीम में स्थान बनाकर जिले का नाम रोशन किया।
नियमित खेल संचालन का दिया गया निर्देश
सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को नियमित रूप से खेल गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी विद्यालय का खेल मैदान अतिक्रमण या अन्य समस्या से प्रभावित है तो तत्काल सूचना दें, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।
विज्ञापन

— डॉ. रामचंद्र, जिला विद्यालय निरीक्षक

पीएमश्री जीआईसी में अभ्यास करते बच्चे व शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में खेलते बच्चे। -स

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें