गोंडा। आरपीएफ की हिरासत में संजय सोनकर की मौत के बाद सोमवार को बसपा का प्रतिनिधिमंडल उसके गांव मोतीगंज के किनकी पहुंचा। परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
बसपा जिलाध्यक्ष मनोज कनौजिया के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के लोगों ने संजय के भाई राजू से मामले की पूरी जानकारी ली। उन्हें आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की पैरवी समेत कार्रवाई कराने का भरोसा दिलया। बसपा नेता राजकुमार कुरील ने कहा कि संजय के आश्रित को सरकारी नौकरी और आवास दिया जाए। पूरा परिवार छप्पर में गुजारा कर रहा है। ऐसे में संजय की मौत से परिवार का खर्च चलाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। कहा कि अधिकारियों से मिलकर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कराने की मांग करेंगे। प्रतिनिधि मंडल में रमेश तिवारी, शिवनरायन गौतम, शिवपूजन गौतम, सूर्य नरायन शामिल रहे।
संजय का बनेगा एससी प्रमाण पत्र, तब बढ़ेगा एससीएसटी एक्ट
गोंडा। मामले में तफ्तीश के दौरान पुलिस ने संजय के भाई राजू को तलब किया तो पता चला कि उनके पास एससी प्रमाणपत्र ही नहीं है। इसलिए पहले से दर्ज हत्या के मुकदमे में एससीएसटी एक्ट की धारा नहीं बढ़ाई जा सकी। पुलिस ने परिजनों को एससी प्रमाणपत्र जल्द से जल्द प्रस्तुत करने को कहा है। राजू ने बताया कि प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया है। दो दिन में प्रमाणपत्र जारी होने की उम्मीद है। नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि प्रमाण पत्र मिलते ही एससीएसटी एक्ट की धारा बढ़ा दी जाएगी।