थाना नवाबगंज क्षेत्र के स्टेट हाईवे मार्ग पर जफरापुर गांव के समीप गुरुवार की सुबह बाइक की टक्कर लगने से दादा व पौत्र गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों को अयोध्या के श्रीराम अस्पताल ले जाया गया जहां दादा की मौत हो गई, जबकि पौत्र को जिला अस्पताल फैजाबाद रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान पौत्र ने भी दम तोड़ दिया।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के स्टेट हाईवे पर स्थित जफरापुर गांव के रहने वाले किसान रामउजागिर (65) गुरुवार की सुबह अपने पौत्र सूरज (5) के साथ फसलों की देखभाल करने खेत को गए थे। वहां से कुछ देर बाद लौटते समय गांव के समीप ही दोनों सड़क पार कर रहे थे। तभी सामने से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दादा व पौत्र गंभीर रुप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी लकड़मंडी लाल साहब सिंह ने घायल दादा व पौत्र को अयोध्या के श्रीराम अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने राम उजागिर को मृत घोषित कर दिया। जबकि सूरज को वहां से जिला अस्पताल फैजाबाद रेफर कर दिया। उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौकी प्रभारी लाल साहब सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।