रात की पाली में गोंडा शहर को बिजली कटौती से मुक्त रखने के लिए सिस्टम कंट्रोल ने जिले में नए सिरे से छह घंटे विद्युत कटौती का शेड्यूल लागू किया है। इसलिए अब जो कटौती शहर में होगी, वह केवल सुबह और दिन की पाली में होगी, जबकि रात में कोई विद्युत कटौती नहीं की जाएगी।
उप खंड अधिकारी पारेषण खंड आरके त्रिपाठी ने बताया कि सिस्टम कंट्रोल ने आपूर्ति का जो समय गोंडा शहर के लिए तय किया है, उसके मुताबिक बिजली आपूर्ति शहर में की जा रही है।
अभी तक गोंडा शहर में बिजली कटौती दिन में 12 से चार व रात में नौ से 11 बजे के बीच होती थी। इससे न तो उद्योग धंधे ठीक से चल पाते थे और न ही आम जनता को कोई राहत मिलती थी। इसलिए इस शेड्यूल को बदलने की मांग लगातार सिस्टम कंट्रोल से की जा रही थी।
मुख्य अभियंता हर्ष मुंशी की तरफ से इसके लिए सिस्टम कंट्रोल को कई पत्र ीाी लिखे गए थे। इसी के मद्देनजर सिस्टम कंट्रोल ने शहर में लागू बिजली कटौती के रोस्टर में फेरबदल करते हुए नया शेड्यूल लागू किया है।
इसके तहत रोजाना सुबह तीन से पांच बजे, सुबह नौ से 11 बजे और शाम को चार से छह बजे के बीच 2-2 घंटे की कटौती शहर में होगी। मुख्य अभियंता हर्ष मुंशी ने बताया कि शहर में रात की कटौती से लोगों को परेशानी होती थी। इसको देखते हुए रात की कटौती को बंद करवा दिया गया है।