सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ एसएसबी गरीबों की मदद में भी बढ़-चढ़कर भाग ले रही है। शिविर लगाकर लोगों को मुफ्त इलाज, गांवों की साफ-सफाई के प्रति जागरुकता फैलाने और खेलकूद के माध्यम से लोगों को स्वस्थ रहने की कला भी सिखा रही है।
एसएसबी के पहल से लोगों की जिंदगी में काफी बदलाव आया है। राष्ट्र की सुरक्षा के साथ-साथ लोग अन्य गतिविधियों में भी प्रतिभाग कर रहे हैं।
एसएसबी 9वीं वाहिनी के कमांडेंट मूर्ति सिंह ने मंगलवार को बताया कि सीमा चौकी सोनगढ़ा के निकट स्थित गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मनसूरवा निवासी कल्लू के बेटे पवन कुमार का होंठ बचपन से कटा हुआ था। शिविर में कल्लू ने एसएसबी के डॉक्टर से पवन के होठों की जांच कराई।
डॉक्टर की सलाह पर वाहिनी के खर्च से लखनऊ मुख्यालय में पवन के होठों का ऑपरेशन प्लास्टिक सर्जरी द्वारा जनवरी में कराया गया। इलाज के बाद पवन कुमार के होंठ साधारण व्यक्ति की तरह हो गए हैं। कल्लू ने बताया कि बच्चे के होठों का इलाज कराने में उसे एक भी पैसा खर्च नहीं करना पड़ा है। एसएसबी की मदद से बच्चे की मुस्कान वापस लौट आई है।