गोंडा। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर कोतवाली नगर के हारीपुर के पास बुधवार देर रात ट्रैक्टर ट्रॉली से कार की भिड़ंत होते ही शाॅर्ट सर्किट से कार में आग लगी थी।
हादसे में दो दोस्तों की मौत हुई थी और तीसरा जख्मी हो गया था। पुलिस की जांच में इसका खुलासा हुआ है। पड़ताल के दौरान प्रथम दृष्टया कार की बैटरी में लगे वायर से शाॅर्ट सर्किट होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि अभी जांच पूरी होने के बाद ही सही कारण सामने आ सकेगा।
नगर कोतवाली क्षेत्र के गोंडा-लखनऊ हाईवे पर हारीपुर गांव के पास बुधवार देर रात करनैलगंज की ओर से गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली कार की भिड़ंत में कार सवार तीन दोस्त फंस गए थे।
इंजन में अचानक आग लगने से परसपुर थाना क्षेत्र के मिझौरा गांव निवासी डीफार्मा के छात्र अनुपम पाठक उर्फ गोलू (23) पुत्र माता प्रसाद पाठक तथा कटराबाजार थाना क्षेत्र के बमडेरा कंधई पुरवा पूरे संगम गांव निवासी बिंदेश यादव (20) की मौके पर ही मौत हो गई थी। बमडेरा कंधई पुरवा पूरे संगम निवासी सूरज उर्फ छोटू (20) गंभीर रूप से घायल हो गया था।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच की तो प्रथम दृष्टया पाया कि कार की रफ्तार तेज थी। ट्रॉली से टकराने के बाद कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। कार में लगी बैटरी के तार से हुई स्पार्किंग से आग लगी थी। इससे दोनों युवकों की जान चली गई।
चौकी प्रभारी एससीपीएम बलराम सिंह ने बताया कि जांच में अभी तक बैटरी की स्पार्किंग से आग लगने की पुष्टि हुई है। जांच पूरी होने के बाद सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
बेफिक्र परिवहन विभाग : बिना रिफ्लेक्टर दौड़ रही थी ट्रैक्टर ट्रॉली
गोंडा-लखनऊ फोरलेन हाईवे पर बुधवार देर रात गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई। जबकि एक मौत से जूझ रहा है। जिस ट्रैक्टर ट्रॉली से हादसा हुआ। उसमें रिफ्लेक्टर तक नहीं लगा था। लेकिन परिवहन विभाग बेफिक्र है। परिवहन विभाग के अधिकारी हादसे से बचाव के लिए ट्रैक्टर ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टर लगवाने का दावा करते हैं। लेकिन हादसों में कमी नहीं आ रही है। प्रभारी एआरटीओ शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि हादसे की शिकार हुई कार डीजल की थी। 19 फरवरी 20219 को ही उसका पंजीयन कराया गया था। कार का इंश्योरेंस समाप्त हो गया था। कार का वर्ष 2034 से पंजीयन मान्य है। बताया कि अभियान चलाकर ट्रैक्टर ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं।
मई 2023 में समाप्त हो गया था इंश्योरेंस
कार का इंश्योरेंस मई 2023 में ही समाप्त हो गया था। कार मालिक ने इंश्योरेंस का नवीनीकरण भी नहीं कराया। ऐसे में मरने वाले दोनों युवकों का क्लेम भी नहीं हो पाएगा।
गोलू की मौत से टूट गया माता पिता का सपना
गोलू के दोनों भाई खेती के संग ही गांव में ही इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। माताप्रसाद और किरन पाठक के दो बेटे तो पढ़ाई में कोई मुकाम हासिल नहीं कर पाए। छोटे बेटे को पढ़ाकर काबिल बनाने का माता पिता ने सपना देखा था। इसी इरादे से गोलू को लखनऊ के बालामऊ स्थित यशराज युनिवर्सिटी से डीफार्मा करा रहे थे। गोलू की मौत से उनका सपना टूट गया।
ईंट भट्ठे पर काम कर बिंदेश चलाता था परिवार
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के कंधई पुरवा पूरे संगम के रहने वाले केशवराम यादव के तीन बेटों में बड़ा रमेश यादव विदेश में रहता है। सबसे छोटा शुभम यादव और मझला बिंदेश यादव था। बिंदेश गांव के समीप एक ईंठ भट्ठे पर काम करके परिवार चलाता था। बिंदेश की मौत से मां राधा यादव व पत्नी पूनम का रो-रोकर हाल बेहाल है।
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग किसान की मौत
दुबहाबाजार (गोंडा)। कौड़िया के जगदीशपुर बल्दी उमरिया गांव में बुधवार रात सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। रामशंकर शुक्ला ने बताया कि गांव के पास उनके खेत में बुधवार रात छुट्टा जानवर आ गए थे। जिन्हें भगाने उनके पिता परशुराम (65) सड़क पार कर जा रहे थे। इस दौरान बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।