परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में गणित व विज्ञान विषय के लिए सहायक अध्यापक पद पर तैनाती को लेकर काउंसलिंग करा चुके अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर सोमवार को धरना देकर प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जिलाधिकारी आवास तक जुलूस निकालकर नियुक्ति पत्र दिलाने की मांग की।
जिले में गणित और विज्ञान विषय के 608 अध्यापकों की तैनाती होनी है। इसी क्रम में रविवार को महिला व निशक्त अभ्यर्थियों से मनचाहे स्कूल में तैनाती पाने के लिए विकल्प भरवाए गए थे। सोमवार को इन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने थे।
दोपहर तक नियुक्ति पत्र वितरण न किए जाने से आक्रोशित अभ्यर्थियों ने बीएसए कार्यालय के समक्ष धरना दे दिया। इसके बाद उन्होंने जुलूस निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने बीएसए कार्यालय के बाद डीएम आवास पहुंचकर प्रदर्शन किया।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि उन्हें जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र दिलाया जाए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. फतेहबहादुर सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों को शीघ्र ही नियुक्ति पत्र जारी कर दिया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।