गैड़ास बुजुर्ग। क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसौना के मजरा दुबौली में शुक्रवार को एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी तुलाराम यादव बड़े बेटे के साथ काम के सिलसिले से बाहर रहते हैं। जबकि पत्नी रंभा (40) 15 वर्षीय बेटे के साथ गांव में रहती थीं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे रंभा का शव कमरे में संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि अभी तक न तो ससुराल पक्ष और न ही मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)