नवाबगंज (गोंडा)। कस्बे के पड़ाव मोहल्ला निवासी 12वीं के छात्र विनीत कुमार श्रीवास्तव (17) का शव मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात 10 बजे भोजन करने के बाद विनीत सोने चला गया था। सुबह देर तक न उठने पर पिता विनोद ने दरवाजा खटखटाया। मगर कोई जवाब नहीं मिला। परिजन दरवाजा तोड़कर जब कमरे में पहुंचे तो विनीत का शव फंदे से लटका मिला। ये नजारा देख पिता विनोद बेसुध हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला। प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है।
विनीत कस्बे के श्री गांधी इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र था। उसके दोस्त शौर्य ने बताया कि देर रात विनीत से फोन पर बात हुई। सुबह उसकी मौत की खबर से वह हतप्रभ रह गया। विनीत दो भाइयों में छोटा था। मां पूनम श्रीवास्तव और भाई विमल का रो-रोकर बुरा हाल है। (संवाद)
पति समेत पांच पर दहेज हत्या का केस दर्ज
उमरीबेगमगंज (गोंडा)। गढ़ी माझा निवासी विवाहिता काजल (25) की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मां सुरसती निवासी त्यौरासी पूरे बिहारी पुरवा ने पुलिस को तहरीर दी है। कहा कि पति व ससुराल के अन्य लोगों ने दहेज के लिए काजल को जला दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान काजल की मौत हो गई। इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पति रमेश चौहान, देवर ओमप्रकाश, जेठानी समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। (संवाद)