पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में गोली फंसी मिली। इससे साफ है कि सीने से सटाकर गोली मारी गई। डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम के बाद गोली निकाली है। हालांकि पुलिस पूछताछ में संदीप मिश्रा खुद को घटना में शामिल होने से मना करता रहा। इटियाथोक थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि केस दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
एएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार रावत का कहना है कि घटना के बाद एसपी विनीत जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओजी व सर्विलांस समेत कुल पांच टीमें लगाई थीं। हत्यारोपी संदीप मिश्रा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। दुकान पर काम न करने की वजह से ही हत्या की बात आरोपी ने स्वीकारी है।
यूरिया पंप पर मंगलदेव पहले कर चुका था काम
पुलिस पूछताछ में पता चला कि मंगलदेव पहले संदीप मिश्रा के यूरिया पंप पर काम कर चुका था। वहां काम छोड़ने के बाद संजय यादव की दुकान पर काम करने लगा था। तबीयत खराब होने की बात कहकर वह घर लौट रहा था, तभी संदीप मिश्रा मिल गया। वहीं पर विवाद के बाद संदीप ने उसके सीने से सटाकर गोली मार दी।
सहायक श्रमायुक्त ने क्षेत्रीय अधिकारी से मांगी रिपोर्ट
सहायक श्रमायुक्त मुहम्मद अब्बास ने बताया कि घटना में बाल श्रम भी जुड़ा है। इस कारण इसे गंभीरता से लिया गया है। क्षेत्रीय अधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है। पीड़ित परिवार के अनुरोध पर उन्हें आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी। 14 साल से अधिक उम्र के बालक से सहायक के तौर पर काम लिया जा सकता है। मगर नियमानुसार सुबह सात से शाम सात बजे के बीच ही काम लेना होता है। मंगलदेव परिवार का कमाऊ सदस्य था। ऐसे में सामाजिक सुरक्षा के लिए श्रम विभाग की ओर से परिवार को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।