गोंडा। देहात कोतवाली क्षेत्र के महादेवा पिपरी सागर गांव में पवन तिवारी (22) की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को पकड़े गए आरोपी सगे भाइयों को न्यायालय में पेश किया। यहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। तनाव को देखते हुए गांव में बुधवार को फोर्स तैनात रही।
मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी भाइयों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडा व रॉड बरामद कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को हत्या आरोपी पिपरी सागर गांव निवासी भोला उर्फ भोलेनाथ उर्फ रामनरेश तिवारी और संजय उर्फ अभय तिवारी की लोकेशन सोनी गुमटी रेलवे स्टेशन मोड़ के पास मिली थी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
बुधवार को आरोपियों को जेल भेज दिया गया। सीओ आनंद कुमार राय ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों को जल्द ही पकड़ा जाएगा। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर टीमें दबिश दे रही हैं।