विश्नोहरपुर/नवाबगंज। क्षेत्र में भोपतपुर चौराहे के पास बृहस्पतिवार रात बाइक की टक्कर लगने से परसिया गांव निवासी टेंट व्यवसायी राजकरन (42) की मौत हो गई। हादसे के वक्त राजकरन सब्जी लेकर पैदल घर जा रहे थे। शुक्रवार को अंतिम संस्कार के बाद उनकी पत्नी ने आरोपी बाइक सवार के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
मूल रूप से नवाबगंज तुलसीपुर माझा गांव के रहने वाले राजकरन पत्नी मीरा देवी व तीन बच्चों के साथ ससुराल वजीरगंज के परसिया गांव में रहते थे। बृहस्पतिवार रात आठ बजे वह नवाबगंज के भोपतपुर चौराहे से सब्जी खरीदकर पैदल घर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार में जा रही बाइक से उन्हें पीछे से टक्कर लग गई। गंभीर रूप से घायल राजकरन को नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नवाबगंज इंस्पेक्टर निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक के फुफेरे भाई राम सजीवन यादव ने बताया कि राजकरन टेंट का काम करके परिवार का गुजारा करते थे। उनकी पत्नी मीरा देवी कैंसर पीड़ित हैं। तीन बेटे आदर्श (12), अभय (07) और अनुज (05) हैं। राजकरन की मौत से सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
श्रद्धालु की कार पोल से टकराई, बाल-बाल बचे
विश्नोहरपुर (गोंडा)। महाकुंभ में स्नान कर लौट रहे बेलसर के आजाद नगर निवासी मोनू पांडेय की कार बृहस्पतिवार रात एक बजे नवाबगंज में ढेमवा मार्ग पर महंगूपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का एयरबैग खुल गया। इससे कार सवार लोग बच गए। जबकि कार क्षतिग्रस्त हो गई और बिजली का पोल टूट गया है। अवर अभियंता रामअचल ने बताया कि गनीमत रही की हादसे में कोई चोटिल नहीं हुआ है। जल्द ही पोल दुरुस्त कराया जाएगा। (संवाद)
हादसे में बाइक सवार युवक घायल
दुर्जनपुर घाट। तरबगंज के धौरहरा घाट बाबापुरवा निवासी पवन कुमार बृहस्पतिवार देर रात नवाबगंज के कोल्हमपुर स्थित अपनी ससुराल से घर लौट रहे थे। तभी मंहगीपुरवा के पास अज्ञात वाहन की उनकी बाइक में टक्कर लग गई। इससे पवन घायल हो गए। उन्हें तरबगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (संवाद)