गोंडा। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बालपुर बाजार के समीप रविवार दोपहर कार की टक्कर से टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ लोग जख्मी हो गए। सभी को गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बहराइच के कैसरगंज कस्बा निवासी मोहम्मद बबलू (35), उनकी पत्नी राजिया (30), बेटा रेहान (03), ननकू की पुत्री अन्नू (10), बेटा नईम (7), नबी अहमद (22), इसी थाना क्षेत्र के तीन सौ तीन रेती गांव निवासी रंजीत की पत्नी रेखा देवी (35), सुनील यादव (20) व विश्राम (22) सोमवार को आधार कार्ड बनवाने के लिए टेंपो से शहर के अंबेडकर चौराहे के समीप आधार केंद्र पर आए थे। यहां आधार कार्ड बनवाने के बाद ये सभी टेंपो से घर लौट रहे थे। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बालपुर बाजार के पास सामने से आ रही कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो पलट गया। उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी को गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने रेखा देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।