गोंडा। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने मंगलवार को लोगों को खूब परेशान किया। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 30 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को तापमान और बढ़ सकता है। मंगलवार को सुबह से ही तेज धूप से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। केवल जरूरी कार्य से ही लोग घरों से निकले। बढ़ती गर्मी के बीच डिहाइड्रेशन की समस्या भी सामने आने लगी है। डॉ. आफताब आलम का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन 30 से 40 बच्चे डायरिया से बीमार होकर आ रहे हैं। गंभीर स्थिति में उन्हें भर्ती करना पड़ रहा है। जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव का कहना है कि गर्मी में लोगों को एहतियात बरतनी चाहिए। (संवाद)