रुपईडीह (गोंडा)। कौड़िया थाना क्षेत्र के बनगाई चकई पुरवा गांव में भूमि विवाद को लेकर मंगलवार की सुबह दो पक्षों में हुई कहासुनी के बाद जमकर लाठियां चलीं।
बवाल के बीच एक पक्ष के एक किशोर को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया गया। दोनों पक्षों से नौ लोग जख्मी हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज लाते समय एक किशोर की रास्ते में मौत हो गई।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से आठ लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पहले दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा तरमीम की जाएगी।
गांव के रामजागे और ओमप्रकाश के बीच काफी वक्त से भूमि विवाद चल रहा है। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच कई बार मारपीट हो चुकी है।
मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे ओमप्रकाश के घर की एक महिला ने भैंस की रस्सी खोल दी। भैंस सीधे रामजागे के दरवाजे से होते हुए उसके खेत में पहुंच गई। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
दोनों तरफ से जमकर लाठियां चलीं, जिसमें एक पक्ष के लोगों ने रामजागे के बेटे राजकुमार (15) को पीटकर मरणासन्न कर दिया। मारपीट के दौरान एक पक्ष से रामजागे, जुगरा, राधादेवी व दूसरे पक्ष से मुरली, नागेश्वर, लीलावती, संजू गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
सभी को पीएचसी रूपईडीह ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने होने के कारण सीएचसी खरगूपुर ले जाया गया। जहां से राजकुमार को नाजुक हालत में चिक्तिसकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
रामजागे का आरोप है कि वह मंगलवार की सुबह खेत देखने गए थे। लौटते समय ओमप्रकाश और उनके परिवार के लोगों ने लाठी डंडे से हमला कर दिया। शोर सुनकर उनका बेटा राजकुमार उर्फ निरहू, पत्नी राधादेवी बेटी जुगरा व गीता बचाने दौड़ी तो उन्हें भी मारापीटा।
दूसरे पक्ष के ओमप्रकाश का आरोप है कि उसकी भैंस छूटकर रामजागे के घर के पास खड़ंजे पर चली गई। इसी बात को लेकर रामजागे ने अपने परिवार के लोगों संग मिलकर लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उसके भाई नागेश्वर, मुरली, तिलकराम,संजू लीलावती दौड़ीं तो उन्हें भी मारापीटा।
पुलिस ने एक पक्ष के रामजागे की तहरीर पर ओम प्रकाश उसके भाई नागेश्वर, शिवकुमार, कृष्ण कुमार व ओम प्रकाश की तहरीर पर रामजागे उसके भाई विश्राम, सुरेंद्र,विश्राम व राजकुमार के खिलाफ मारपीट व धमकी की रिपोर्ट दर्ज की है।
बवाल की सूचना पर सीओ करनैलगंज चंद्रपाल शर्मा, थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने टीम के साथ गांव में पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। सीओ ने बताया कि दोनों तरफ से आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पहले से दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा तरमीम की जाएगी।