खोड़ारे (गोंडा)। छात्र-छात्राओं को लेकर जा रही स्कूली बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर गड्ढे में पलट गई। इसमें दो छात्राएं चोटिल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं खनन में ट्रैक्टर-ट्रॉली के इस्तेमाल की सूचना पर नायब तहसीलदार ने जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार को ज्ञानदीप एकेडमी सकदरपुर की बस बच्चों को लेने केशवनगर ग्रंट गई थी। लौटते समय एक ईंट भट्ठा के पास मिट्टी व बालू खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकराकर सड़क के बगल में खाई में पलट गई। उप निरीक्षक प्रदीप गंगवार ने बताया कि बस में 12 बच्चे बैठे हुए थे।
बस पलटने के कारण दो बच्चे चोटिल हुए हैं। उन्हें परिजनों के साथ सीएचसी बभनजोत भेजा गया है। 10 बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के साथ स्कूल भेजा गया।
सीएचसी प्रभारी तरुण मौर्या ने बताया कि इंटरमीडिएट की छात्रा ममता गुप्ता (15) व कक्षा सात की छात्रा जूही पांडेय (11) का प्राथमिक उपचार कर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में कई खनन माफिया सक्रिय हैं जो धड़ल्ले से पीली बालू, मिट्टी का खनन कर रहे हैं। मनकापुर की नायब तहसीलदार अनु सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर जांच की जा रही है। रॉयल्टी के कागजात मांगे गए हैं। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।