झंझरी। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई। पिता ने गांव के हीतीन लोगों पर बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता के अनुसार, 24 जून की रात परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब 12 बजे उनकी 15 वर्षीय बेटी अपने बिस्तर पर नहीं मिली। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। पिता का आरोप है कि तारादेवी, अनमोल शुक्ला और अंकित भुजवा से उनकी रंजिश चल रही है।
उन्हें आशंका है कि तीनों ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया है। देहात कोतवाली पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। (संवाद)