मंगुरा बाजार (गोंडा)। थाना तरबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती के चचेरे भाई ने उससे छेड़खानी की। युवती के विरोध करने पर उसकी हत्या कर शव छप्पर में बड़ेर से लटका दिया। युवती के बहन का आरोप है कि पहले भी चचेरा भाई दो साल पहले उसकी छोटी बहन से छेड़खानी कर चुका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
थाना तरबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती ने बताया कि शनिवार की रात खाना खाने के बाद उसके पिता फसलों की रखवाली करने के लिए खेत को चले गए थे। वह अपनी छोटी बहन (16) के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। पड़ोस का ही रहने वाला उसका चचेरा भाई उनसे अभद्रता करता रहा। मगर उन दोनों ने चचेरे भाई की बातों पर ध्यान नहीं दिया और सो गई। रविवार की सुबह पांच बजे जब उसकी नींद खुली तो छोटी बहन बिस्तर पर नहीं थी। उसकी तलाश की, मगर उसका कहीं पता नहीं चला। आरोप है कि जब वह छोटी बहन के बारे में पूछने चचेरे भाई के पास गई तो उसने बताया कि उसकी छोटी बहन को मारकर फूस के मड़हे में बड़ेर से दुपट्टे के सहारे लटका दिया है।
युवती ने बताया कि वह छोटी बहन को तलाशते हुए फूस के मड़हे में पहुंची तो उसका शव बड़ेर से फंदे के सहारे लटकता मिला। इसी बीच खेत से लौटे पिता को बेटी के हत्या की सूचना मिली तो उसने पुलिस को खबर की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बड़ेर से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती की बड़ी बहन ने बताया कि चचेरे भाई ने दो साल पहले भी उसकी छोटी बहन के साथ छेड़खानी की थी, विरोध करने पर वह घर से दिल्ली भाग गया था, शनिवार की सुबह वह दिल्ली से लौटा और एक बार फिर उसकी छोटी बहन से अभद्रता करते हुए उसे मारकर फंदे से लटका दिया। सूचना पर सीओ तरबगंज जितेंद्र कुुुमार दुबे, थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर परिवार के लोगों से जानकारी ली। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
नहीं दर्ज कराया था केस, इसलिए बढ़ा दुस्साहस
दो साल पहले जब चचेरे भाई ने युवती के संग छेड़खानी की थी तो युवती के विरोध पर परिवार के लोगों ने चचेरे भाई पर शिकंजा कसने की कोशिश की तो वह दिल्ली भाग गया था। जिसके बाद परिवार के लोगों ने बदनामी से बचने के लिए युवक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई। जिसका नतीजा रहा कि आरोपी का दुस्साहस बढ़ता गया और उसने दोबारा युवती से छेड़खानी करने के साथ ही उसे प्रताड़ित किया।
कहीं आत्महत्या के लिए तो नहीं किया मजबूर
युवती की हत्या और आत्महत्या को लेकर पोस्टमार्टम से पहले पुलिस उलझी है। पुलिस शव को देखने के बाद आत्महत्या मान रही है। युवती की चचेरे भाई ने हत्या नही की तो कही उसे आत्महत्या करने को तो मजबूूर नही कर दिया। चचेरा भाई युवती के साथ दो साल पहले छेड़खानी कर चुका है। मगर मामले में पुलिस में रिपोर्ट नहीं की गई। ऐसे कई सवालों के जवाब पुलिस तलाशने में जुटी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दर्ज होगी रिपोर्ट
युवती के पिता ने उसके चचेरे भाई पर छेड़खानी का आरोप लगाया है, जबकि बहन ने चचेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। शव को देखने से मामला आत्महत्या का लग रहा है। सभी पहलुओं पर जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। -जितेंद्र कुमार दूबे, सीओ करनैलगंज तरबगंज