गोंडा। जिले की अनामिका शुक्ला के अभिलेख पर नौ जिलों में दूसरी महिलाओं के नौकरी करने का मामला अभी चल ही रहा था कि जिले में दो और शिक्षकों का ऐसे मामले में नाम सामने आया हैं। यहां कार्यरत दोनो शिक्षकों के नाम से ही अमेठी और संभल जिले में शिक्षक नौकरी कर रहे हैं। वेतन वितरण सिस्टम से यह मामला पैन कार्ड के दुरुपयोग से सामने आया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. इन्द्रजीत प्रजापति ने बताया कि दोनो शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है और 7 जुलाई तक जवाब मांगा है। उनके शैक्षिक अभिलेख मांगे गए हैं और यह जानकारी की जा रही है इसमें फर्जी नियुक्ति किसकी हुई है।
शिक्षक भर्ती में फर्जीवाड़े के खुलासे का सिलसिला जारी है। महानिदेशक स्कूली शिक्षा की ओर से जारी किए गई सूची में जिले के दो शिक्षक कार्रवाई के दायरे में आए हैं। हलधरमऊ के प्राथमिक विद्यालय अमोढ़वा के प्रधानाध्यापक विनेश चन्द्र के नाम से दूसरे जिले में भी एक शिक्षक का नाम सामने आया है। संभल जिले में सहायक अध्यापक के पद पर भी विनेश चन्द्र नाम से व्यक्ति कार्यरत है। दोनो के पैन कार्ड भी एक ही हैं और वेतन वितरण से यहा मामला पकड़ में आया है।
अब असली विनेश चन्द्र कौन है, इसकी जांच शुरू हुई, वेतन रोक कर 07 जुलाई को बुलाया गया है। इसी तरह हलधरमऊ ब्लॉक के ही प्राथमिक विद्यालय मुरावनपुरवा में सहायक अध्यापक के पर कार्यरत रमेश कुमार यादव के नाम से ही अमेठी जनपद में भी एक व्यक्ति कार्यरत है। इन्हें भी पैन, आधार व शैक्षिक अभिलेखों के साथ तलब किया गया है। अभी यह स्पष्ट नही हो पाया है कि इसमें असली कौन है। बीएसए ने नोटिस जारी किया है।