गोंडा। जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध संपन्न कराने के लिए डीएम प्रियंका निरंजन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने डीआईओएस डॉ. रामचंद्र और बीएसए अमित कुमार सिंह से कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी गर्भवती महिला, दिव्यांग कर्मचारी अथवा 50 वर्ष से अधिक आयु के अध्यापक या कर्मचारी की ड्यूटी न लगाई जाए। संवेदनशील व मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए ड्यूटी लगाई जाए। इसके साथ ही जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन के लिए जिला मुख्यालय पर अलग कार्यालय स्थापित करने का निर्देश दिया। जहां से सभी गतिविधियों में समन्वय और नियंत्रण हो सके।
डीएम ने जनगणना कार्य की प्रगति की प्रतिदिन निगरानी करने तथा संबंधित अधिकारियों के स्तर से दैनिक समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की समस्या या बाधा की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई, ताकि उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनगणना की तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीडीओ अंकिता जैन और सीआरओ रिंकी जायसवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।