इटियाथोक (गोंडा)। एबीआरसी से अभद्रता करके धमकी देने के मामले में जिला बेसिक अधिकारी ने इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गूंगीदेई प्रथम के सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीराम सिंह ने बताया कि एबीआरसी अनिल कुमार श्रीवास्तव और खंड शिक्षा अधिकारी ओपी पाल ने 14 अगस्त को प्राथमिक विद्यालय गूंगीदेई प्रथम का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक आनंद कुमार तिवारी व सहायक अध्यापक शाश्वत सावरकर सिंह आकस्मिक अवकाश पर पाए गए। निरीक्षण के समय ही विद्यालय का संचालन कर रहे दूसरे विद्यालय के सहायक अध्यापक दीपक सिंह राठौर के फोन पर सहायक अध्यापक शाश्वत ने कॉल किया और एबीआरसी अनिल श्रीवास्तव से बात कराने को कहा।
इसके बाद फोन पर सहायक अध्यापक शाश्वत ने एबीआरसी अनिल श्रीवास्तव से अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिक्षक शाश्वत ने इसके बाद में व्हाट्सएप ग्रुप पर एबीआरसी के लिए अभद्र पोस्ट कर दी। ग्रुप से जुड़े अन्य शिक्षकों ने जब इसका विरोध किया तो शाश्वत सावरकर सिंह ने अन्य शिक्षकों से भी अभद्रता करके हुए धमकी पोस्ट कर दी। इसकी रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी ओपी पाल व एबीआरसी अनिल श्रीवास्तव ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपी थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने रिपोर्ट पर जांच के बाद शिक्षक शाश्वत सावरकर सिंह को निलंबित कर दिया है।