नवाबगंज सीएचसी में भर्ती छात्र शिवांश। - संवाद
गोंडा। शिक्षा क्षेत्र नवाबगंज के कंपोजिट विद्यालय महंगूपुर में शनिवार को शिक्षक मोबाइल पर गेम खेलने में व्यस्त रहे। इस दौरान उनके सामने ही दो बच्चों में झगड़ा हो गया। मारपीट के दौरान एक छात्र बेहोश हो गया।
महंगूपुर गांव निवासी किरन शर्मा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र शिवांश (12) गांव के कंपोजिट विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है। शनिवार को शिवांश स्कूल में नल पर पानी पी रहा था। एक बच्चे ने उसे पानी पीने से मना किया। जब वह नहीं माना तो वो शिवांश को पीटने लगा। सामने ही शिक्षक बैठे मोबाइल पर गेम खेल रहे थे मगर उन्होंने शिवांश को नहीं बचाया। पिटाई के दौरान फर्श पर गिरने से शिवांश बेहोश हो गया। गांव की बुजुर्ग महिला से सूचना मिलने पर किरन ने बच्चे को स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर इलाज कराया।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र भूषण पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर प्रधानाचार्य से फोन पर बात करके विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने के लिए शिक्षकों को हिदायत दी है।