क्रिकेट खिलाड़ी अंशुमान पांडेय। - संवाद
गोंडा। तरबगंज इलाके के साथ-साथ समूचे गोंडा जनपद के लिए सुखद समाचार है। आईपीएल की तर्ज पर होने वाली यूपी प्रीमियर लीग में तरबगंज की ''फिरकी'' भी दिखेगी। क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी हरीशचंद्र पांडेय के बेटे और स्पिनर गेंदबाज अंशुमान पांडेय का चयन यूपी प्रीमियर लीग में हुआ है।
आईपीएल की तर्ज पर प्रदेश में 30 अगस्त से 16 सितंबर तक यूपी प्रीमियर लीग होगी। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाली यूपी प्रीमियर लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें प्रतिभाग कर रहीं हैं। गोरखपुर लायंस ने 29 वर्षीय अंशुमान पांडेय को अपनी टीम में शामिल किया है।
तरबगंज के अकबरपुर निवासी अंशुमान की पढ़ाई प्रयागराज में हुई है। खेलों में रुचि होने की वजह से पिता हरिश्चंद्र पांडेय ने प्रयागराज की चौधरी नौनिहाल क्रिकेट एकेडमी में अंशुमान का दाखिला करा दिया था। अंशुमान के कोच क्रिकेटर मोहम्मद कैफ के भाई मोहम्मद आरिफ हैं। जिनकी देखरेख में अंशुमान ने प्रयागराज यूनिवर्सिटी सहित पूरे जोन में कई मैच खेले हैं। वह प्रयागराज यूनिवर्सिटी से बीपीएड कर रहे हैं।
हरिश्चंद्र पांडेय ने बताया कि इसके पहले कोलकाता लीग में खेले गए छह मैचों के क्रम में अंशुमान को चार में मैन ऑफ द मैच चुना गया। कहा कि सौभाग्य की बात है कि बेटा क्षेत्र व जिले का नाम रोशन करेगा।
30 अगस्त से खेले जाने वाली उत्तर प्रदेश क्रिकेट लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों ने खिलाड़ियों का चयन किया है। इसमें लखनऊ फालकंस, नोएडा सुपरकिंग्स, कानपुर सुपरस्टार्स, मेरठ मैवरिक्स, गोरखपुर लायंस व काशी रुद्रांश शामिल हैं। इन फ्रेंचाइजी टीमों ने प्रयागराज से 10 खिलाड़ियों को शामिल किया है। जिसमें गोरखपुर लायंस ने अंशुमान पांडेय व पुनीत गुप्ता को लिया है। ये टीम छह करोड़ रुपये में बिकी है।