गोंडा। डीएम की संस्तुति के बाद तहसील तरबगंज के विपणन निरीक्षक कमलेश चंद को निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि माह अप्रैल 2021 में अमर उजाला ने ‘तरबगंज में फिर तैयार हो रही अनाज घोटाले की जमीन’ तथा लॉकडाउन के दौरान अनाज के दुरुपयोग होने का समाचार प्रकाशित किया था।
डीएम ने तथ्यों की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उपजिलाधिकारी तरबगंज, जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी व संभागीय लेखाधिकारी (खाद्य) देवीपाटन मंडल की टीम गठित कर जांच रिपोर्ट मांगी थी। जिसमें जांच टीम ने सात अप्रैल को अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी थी।
जिलाधिकारी ने बताया कि विपणन गोदाम वजीरगंज की जांच की गई। जांच के समय विपणन निरीक्षक कमलेश चन्द्र उपस्थित मिले। अभिलेखीय जांच में उचित दर विक्रेता धर्मचंद्र ओझा ग्राम पंचायत हजरतपुर, आत्म प्रकाश ग्राम पंचायत पूरेडाढू, ऊषा देवी ग्राम पंचायत खीरीडीह, सवित्री देवी ग्राम पंचायत हरिहरपुर द्वारा ब्लाक गोदाम से किए गए अनाज उठान आदि की विस्तृत जांच की गई।
जांच टीम की रिपोर्ट में गोदाम प्रभारी/ विपणन निरीक्षक कमलेश चंद्र एवं उचित दर विक्रेता धर्मचंद्र ओझा ग्राम पंचायत हजरतपुर, आत्म प्रकाश ग्राम पंचायत पूरेडाढू, ऊषा देवी ग्राम पंचायत खीरीडीह, सवित्री देवी ग्राम पंचायत हरिहरपुर द्वारा दस्तावेजों व अभिलेखों (ई-चालान) में हेराफेरी की कोशिश किया जाना पाया गया।
विक्रेताओं के साथ ही विपणन निरीक्षक भी प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए गए। जांच टीम ने सभी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही किये जाने के साथ ही कमलेश चन्द्र विपणन निरीक्षक केन्द्र वजीरगंज के संपूर्ण कार्यकाल का विशेष संपरीक्षा कराये जाने का अनुरोध किया था।
जिसपर डीएम ने शासन को रिपोर्ट भेजी थी। डीएम ने बताया कि उनकी आख्या पर 22 जून 2021 को खाद्य आयुक्त ने तत्काल प्रकरण का विशेष ऑडिट कराकर आख्या उपलब्ध कराये जाने के आदेश दिये गए हैं।
डीएम ने बताया कि विशेष आडिट कराये जाने के लिए शासन स्तर से एक टीम गठित की गई है जिसमें प्रदीप कुमार कुशवाहा, सम्भागीय खाद्य विपणन अधिकारी (मुख्यालय) मुकुल मनोहर अस्थाना, सहायक लेखाधिकारी (मुख्यालय), डीबी सिंह वरिष्ठ संप्रेक्षक (मुख्यालय) को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
डीएम ने बताया कि संपूर्ण कार्यकाल का विशेष ऑडिट कराकर अपनी आडिट रिपोर्ट एक सप्ताह के अन्दर शासन को उपलब्ध कराने के ऑडिट टीम को निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने बताया कि गुरुवार की देर शाम शासन ने तरबगंज विपणन निरीक्षक कृष्ण चंद्र को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की है।