राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि को शनिवार को शहीद दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान विचार गोष्ठियां हुईं, जिसमें उनके जीवन से जुड़े प्रसंग सुनाते हुए गांधी जी के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर गांधी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी त्रिलोकी सिंह की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें में दो मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर एडीएम सहित अन्य अधिकारियों ने बापू के जीवन पर प्रकाश डाला और राष्ट्र के लिए उनके द्वारा किए गए अमूल्य त्याग और बलिदान को याद किया।
इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट अरुण कुमार शुक्ला, एसडीएम मनकापुर अनिल मिश्र, अपर उपजिलाधिकारी रमा विलास राम, एसओसी रवींद्र सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट राजेश कुमार दूबे आदि मौजूद रहे।
उधर, गांधी पार्क में बापू की प्रतिमा के पास एडीएम त्रिलोकी सिंह, समाजसेवी धर्मवीर, एमएस शुक्ल,, जानकी शरण द्विवेदी, विजय सिंह कारगिल, सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, म्युनिसिपल मांटेसरी स्कूल तथा प्राइमरी पाठशाला राधाकुंड के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, जिन्होंने बापू के प्रिय भजन गाए।
वहीं, कांग्रेस की जिला कमेटी की ओर से कांग्रेस भवन में महात्मा गांधी की पुण्य तिथि मनाई गई। इस मौके पर हुई गोष्ठी में पार्टी जिलाध्यक्ष बीएल चौबे ने कहा कि महात्मा गांधी ने भारत को विदेशी दास्तां से मुक्त कराया।
उधर, लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में कक्षाओं की शुरुआत के पहले मुख्य नियंता ओंकार पाठक, आरबी सिंह बघेल, ममता शुक्ला आदि की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।