मनकापुर/इटियाथोक (गोंडा)। बिजली की अघोषित कटौती और शिकायत करने पहुंचे उपभोक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के विरोध में शुक्रवार को अपना दल ने आक्रोश जताया। अपना दल एस के जिलाध्यक्ष रामदीन वर्मा की अगुवाई में बिजली उपभोक्ताओं ने एसडीएम अवनीश त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा।
कहा कि मसकनवा विद्युत उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बदहाल है। बीते बृहस्पतिवार को शिकायत करने गए उपभोक्ताओं पर विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता ने अपनी नाकामी छुपाने की नीयत से छपिया थाने में एक फर्जी मुकदमा दर्ज करवा दिया है। मुकदमे को वापस कराने के साथ अवर अभियंता का स्थानांतरण किए जाने की मांग पदाधिकारियों ने की। एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस मौके पर अधिवक्ता आशीष सिंह, योगेंद्र वर्मा, सुनील सिंह, विकास यादव, आलोक वर्मा, हर्ष चौधरी, विनोद यादव मौजूद रहे।
उधर, विद्युत उपकेंद्र इटियाथोक के करीब 25 हजार उपभोक्ताओं को चार दिनों से निर्बाध रूप से बिजली नहीं मिल पा रही है। पूर्व प्रधान दिनेश कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी शेषमणि त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर सुधार करने की मांग की है। एसडीओ ने बताया कि साउथ व ईस्ट फीडर को दो-दो फीडरों में बांटा जा रहा है। इसके अलावा शीघ्र ही टाउन की आपूर्ति भी अलग की जाएगी। 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर की मांग की गई है।