सभी विभागों के अधिकारी सरकारी संपत्तियों का ब्यौरा अपने पास रखें। साथ ही अतिक्रमण मुक्त कराकर भूमाफिया के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बालपुर में अतिक्रमण व कचरा हटवाने के बाद डीपीआरओ जिम्मेदार प्रधान को नोटिस जारी करेंगे। एक्सईएन शत-प्रतिशत सरकारी भवनों में औपचारिकताएं पूरी कराकर बिजली कनेक्शन कराएंगे। वहीं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सड़क व बाजारों से छुट्टा जानवरों को गोशालाओं में संरक्षित कराएं। सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाना चाहिए। ये दिशा-निर्देश डीएम नेहा शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में दिए।
डीएम ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। किसी विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा हो तो तत्काल भू-माफिया के कार्रवाई की जाए। डीएम में सभी अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्तर से दर्पण डैशबोर्ड के जरिये अब और अधिक प्रभावी ढंग से योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। योजनाओं की प्रगति के हिसाब से नंबर दिए जाएंगे। सभी अधिकारी अपने विभाग से संचालित सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें। जहां प्रगति की गुंजाइश हो वहां अतिरिक्त प्रयास करके योजनाओं को सफल बनाएं।
डीएम ने श्रमयोगी मानधन योजना, श्रमिक पंजीयन, पीएम किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, दवाओं की उपलब्धता, समस्त पेंशन योजनाओं, पोषण मिशन, शादी अनुदान, कन्या सुमंगला योजना, कौशल विकास मिशन आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में सीडीओ एम. अरुन्मोली और सीएमओ डॉ रश्मि वर्मा व अन्य विभागीय अफसर मौजूद रहे।