करनैलगंज। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर नरायनपुर माझा मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने एसयूवी चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, परिवहन विभाग ने चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
भलियनपुरवा निवासी देशराज की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें बताया गया कि 10 जून की रात तरहटा निवासी संजय कुमार तिवारी बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन से बाइक में टक्कर लगने से संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल भेजने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान दिल्ली नंबर की तेज रफ्तार एसयूवी वहां पहुंची। आरोप है कि चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए घायल की मदद में जुटे लोगों को टक्कर मार दी। अनियंत्रित एसयूवी आगे जाकर डिवाइडर और सड़क किनारे लगे पिलर से टकराकर रुक गई। हादसे में गुलशन चौहान, संजय कुमार तिवारी, हसन मोहम्मद, मोहम्मद शाकिर उर्फ इम्तियाज और अंशुमान की मौत हो गई थी। कई अन्य लोग घायल हुए थे, जिनका उपचार कराया गया।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामले में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर वाहन मालिक मोहम्मद शोएब निवासी मोहल्ला कसगरान तथा चालक मोहम्मद आबिद निवासी सदर बाजार, करनैलगंज को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
एआरटीओ आरसी भारतीय ने बताया कि दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन दिल्ली में पंजीकृत है और उसका स्वामित्व रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। चालक के विरुद्ध ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मासूम का शव रास्ते में छोड़ने पर एंबुलेंस कर्मियों पर होगी कार्रवाई
गोंडा। करनैलगंज क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल 10 वर्षीय अंशुमान की मौत के बाद एंबुलेंसकर्मियों के अमानवीय व्यवहार के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम प्रियंका निरंजन की नाराजगी के बाद सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने एएलएस एंबुलेंस सेवा के प्रभारी को नोटिस जारी कर संबंधित चालक और ईएमटी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ ने नोटिस जारी करके कहा कि सड़क हादसे में घायल अंशुमान को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया था। आरोप है कि लखनऊ ले जाते समय रास्ते में बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद एंबुलेंसकर्मियों ने बाराबंकी के मुस्तफाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शव उतार दिया और परिजनों से निजी वाहन की व्यवस्था कर शव घर ले जाने को कहा। सीएमओ ने इसे अत्यंत खेदजनक बताते हुए एएलएस एंबुलेंस प्रभारी को निर्देश दिया है कि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाएं। (संवाद)
पीड़ित परिवारों से मिले सपा प्रदेश अध्यक्ष
करनैलगंज। भालियनपुरवा में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से शुक्रवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढाढ़स बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। इस दौरान सूरज सिंह, अरशद हुसैन, मसूद आलम खां, शमीम अहमद अच्छन, फहीम अहमद पप्पू, राजकुमार सिंह, गणेश पांडेय, सुरेंद्र पासवान, दीपक कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।