पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में अपने-अपने प्रत्याशियों को जिताने लिए कई जगह फर्जी वोटिंग को लेकर समर्थकों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान कई पोलिंग बूथों पर मारपीट कर रहे लोगों को पुलिस की मोबाइल टीमों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गोंडा की मनकापुर तहसील क्षेत्र के तीन ब्लॉक मनकापुर, छपिया व बभनजोत में क्षेत्र पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्यों के लिए शनिवार को 60 फीसदी वोट पड़े। वहीं, बलरामपुर में दो ब्लॉकों में 51.67 फीसदी मतदान हुआ।
गोंडा की मनकापुर तहसील क्षेत्र के मनकापुर के अलावा छपिया व बभनजोत ब्लॉक क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य पद की 11 सीटों व क्षेत्र पंचायत सदस्य की 255 सीटों के लिए शनिवार को मतदान हुआ।
लोकतंत्र के मेले में मतदान करने के लिए बूथों पर मतदाताओं में काफी जोश दिखा। इस दौरान बूथों पर महिला व पुरुष मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लगी दिखीं। लोग घंटों बूथों पर लाइन में लगे अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
इस क्षेत्र के 4.66 लाख 423 मतदाताओं ने 2186 प्रत्याशियों के लिए मतदान किया। मनकापुर ब्लॉक के करौहामान बूथ पर दोपहर में फर्जी मतदान को लेकर भिड़े दो प्रत्याशी समर्थकों के बीच मारपीट हुई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम, सीओ व पुलिस मोबाइल टीम ने मारपीट कर रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस टीम मौके से छह लोगों को पकड़ कर कोतवाली ले गई, वहां मतदान खत्म होने तक उन्हें बैठाने के बाद छोड़ दिया।
इसी क्षेत्र में समसापुर बूथ पर मोबाइल से इधर-उधर सूचना देने में दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस की मोबाइल टीम ने दोनों पक्ष के लोगों के मोबाइल जब्त कर लिए।
उधर, बलरामपुर में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में बलरामपुर सदर तथा श्रीदत्तगंज ब्लॉक में कुल 51.67 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। दोनों ब्लॉकों में 436 बूथों पर कड़ी सुरक्षा व निगरानी के बीच वोटिंग कराई गई। देर शाम मतपेटियों को संबंधित ब्लॉकों में बने स्ट्रॉग रूप में जमा कराया गया।
जिला निर्वाचन कंट्रोल रूम प्रभारी/जिला बचत अधिकारी रामप्रसाद ने बताया कि तीसरे चरण में बलरामपुर सदर में 54.33 तथा श्रीदत्तगंज ब्लॉक में 49 फीसदी वोटरों ने मतदान किया। दोनों ब्लाकों की कुल औसत वोटिंग 51.67 फीसदी रही।
डीएम प्रीति शुक्ला, एसपी वीडी शुक्ला, सीडीओ एपी सिंह व एडीएम शिवपूजन सहित सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहकर मतदान की निगरानी करते रहे।
मनकापुर ब्लॉक के तीन बूथों पर जिला पंचायत सदस्य पद का बैलेट पेेपर समय से न पहुंचने से साढ़े चार घंटे के बाद मतदान शुरू हो सका। मतपत्र न मिलने से न सिर्फ पोलिंग पार्टियां परेशान रहीं, बल्कि वोट डालने आए मतदाताओं को बूथ पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान कई मतदाता नाराजगी में बिना वोट डाले ही लौट गए। मतपत्र आने पर 11.30 बजे मतदान शुरू हो सका।
बताया जाता है कि मनकापुर ब्लॉक के मछली गांव, नानकार व ललितपुर को बूथ बनाया गया था। यहां शनिवार को मतदान शुरू होने तक पोलिंग पार्टियों को जिला पंचायत सदस्यों का बैलेट पेपर ही नहीं मिल सका। ऐसे में बूथों पर खलबली मच गई।
इसकी सूचना मतदान अधिकारियों ने सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेेट को दी। वहीं, मतदान के लिए बूथ पर आए कई लोग काफी देर तक इंतजार करने के बाद वापस लौट गए। काफी देर बाद बैलेट पेपर का इंतजाम हो सका तो मतदान प्रक्रि या 11.30 बजे शुरू हो सकी।
बभनजोत ब्लॉक में कूकनगर ग्रंट बूथ पर क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का केशवनगर ग्रंट बूथ का मुहर लगा बैलेट पेपर पहुंच जाने से कूकनगर बूथ पर एक घंटे मतदान बाधित रहा।
मतदान अधिकारियों ने इसकी सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी। इस बाबत ब्लॉक के आरओ राम नरेश ने बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट को भेजकर व्यवस्था ठीक करा ली गई है।