झंझरी ब्लॉक पर प्रधान पद के एक प्रत्याशी के प्रस्तावक द्वारा अपना प्रस्ताव उठा लेने से परचा खारिज किये जाने के बाद सोमवार को उम्मीदवार के परिवारीजनों व समर्थकों ने जमकर हंगामा काटा। उन्होंने आरओ के खिलाफ नारेबाजी की। उन पर सत्ता पक्ष के दबाव में नामांकन पत्र खारिज करने का आरोप लगाया। पुलिस ने डंडा फटकार कर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया।
झंझरी ब्लॉक के ग्राम पूरे शिवा बख्तावर से ग्राम प्रधान पद के लिए अंजुम निशा पत्नी रईस ने नामांकन किया था। बताया जाता है कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान रविवार को अंजुम का परचा खारिज कर दिया गया।
उम्मीदवार के प्रस्तावक शत्रोहन सिंह ने अपना प्रस्ताव उठा लिया। ऐसे में नामांकन पत्रों की जांच कर रही टीम ने उस नामांकन पत्र को खारिज कर दिया।
सोमवार को जब उम्मीदवार व उसके परिवारीजन और समर्थक ब्लॉक पहुंचे तो आरओ ने नामांकन पत्र खारिज होने की वजह बताई। नामांकन पत्र खारिज किये जाने पर उम्मीदवार व समर्थक भड़क गए और हंगामा करने लगे।
उन्होंने ब्लॉक में आरओ के समक्ष नारेबाजी कर उन पर सत्ता पक्ष के दबाव में परचा खारिज करने का आरोप लगाया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उन्हें शांत कराया।
इस बाबत उम्मीदवार अंजुम निशा के पति रईस का आरोप था कि प्रस्तावक ने प्रस्ताव नहीं उठाया है। सत्ता पक्ष के लोगों के दबाव में आकर आरओ ने उनकी पत्नी का परचा खारिज कर दिया है।
उम्मीदवार के प्रस्तावक ने बाकायदा शपथ पत्र देकर मांग की थी कि वह उम्मीदवार के प्रस्तावक से अपना प्रस्ताव उठा रहा है। इसी के आधार पर उम्मीदवार का परचा खारिज किया गया है। किसी के दबाव में नामांकन पत्र खारिज करने का आरोप निराधार है।
- एसके सिंह, रिटर्निंग अफसर ब्लॉक झंझरी गोंडा