गोंडा। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण मेरठ के पीठासीन अधिकारी सुनील कुमार पंचम को परिवार न्यायालय गोंडा का प्रधान न्यायाधीश नियुक्त किया है। यहां तैनात रीता गुप्ता को इसी पद पर प्रतापगढ़ भेजा गया है। अपर जिला जज प्रथम के पद पर तैनात पूजा सिंह को पदोन्नति के बाद स्थानांतरित कर स्टेट ट्रांसपोर्ट ट्रिब्युनल लखनऊ में चेयरमैन पद पर तैनाती दी गई है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के महानिबंधक राजीव भारती की ओर से जारी सूची के मुताबिक परिवार न्यायालय बरेली के प्रधान न्यायाधीश राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी को गोंडा में मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण का पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट गोंडा नासिर अहमद तृतीय को पदोन्नति के बाद स्थानांतरित कर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय संतकबीर नगर में तैनाती दी गई है। इसी क्रम में गोंडा में तैनात अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट सूर्यप्रकाश सिंह को विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट गोंडा और विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट रामदयाल को विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट गोंडा बनाया गया है। (संवाद)