करनैलगंज (गोंडा)। गन्ना लेकर चीनी मिल जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके नीचे दबकर युवक की मौत हो गई। इसके अलावा धनावा निवासी विनोद मौर्य (50) बैंक से लौटते समय परसपुर इलाके में भौरीगंज के पास बाइक की टक्कर से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
करनैलगंज के हीरापुर कमियार निवासी अश्वनी कुमार (22) चचेरे भाई आशीष कुमार के साथ सोमवार को ट्रैक्टर-ट्राॅली पर गन्ना लोड करके जरवल चीनी मिल जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे पंडित पुरवा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई। ट्रैक्टर चला रहे आशीष ने कूदकर जान बचा ली, लेकिन ट्रैक्टर पर बैठे अश्वनी कुमार गन्ना लदी ट्राॅली के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन उन्हें निकालकर करनैलगंज सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने अश्वनी को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
अश्वनी दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई शेखर लुधियाना में रहकर काम करते हैं। उनकी मां की मृत्यु काफी पहले हो चुकी है। मृतक के चचेरे भाई आशीष कुमार ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद वह शव लेकर घर चले गए। मंगलवार को भाई के आने पर अंतिम संस्कार होगा।