बालपुर (गोंडा)। थाना कटरा बाजार के बमड़ेरा गांव के पास बुधवार की सुबह एक बालिका (12) ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
क्षेत्र के पूरे संगम गांव में अपने ननिहाल में अंजली पुत्री दीपू मिश्र निवासी त्योरासी भोलापुरवा मां सीमा के साथ कुछ दिनों से रह रही थी। सीमा की शादी भोला पुरवा मिझौरा थाना परसपुर में हुई थी।
सीमा के मुताबिक, शादी के कुछ दिन बाद से पति व ससुर मारपीट करते थे। विवाद के कारण 18 मई को ससुर अम्बिका प्रसाद उसकी बेटी अंजली को खंभे में बांधकर मारने लगे। विरोध किया तो उसकी पिटाई कर कमरे में बंद कर दिया। कहाकि रात में पेट्रोल डालकर तीनों लोगों को जला देंगे। बताया कि जब परिवार के लोग सो गये तो किसी तरह से दरवाजा खोलकर बच्चों के साथ भागकर मायके कधई पुरवा चली आई। शिकायत 20 मई को पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर किया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बेटी अंजली डरी सहमी रहने लगी। ससुराल के लोग अंजली को पकड़ ले जाने की धमकी देते थे। बुधवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर जाकर अंजली (12) ने बमड़ेरा अंडरपास के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। चौकी प्रभारी हलधरमऊ अजय पांडेय ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा करके शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।