गोंडा/मोतीगंज। दहेज प्रताड़ना के एक मामले की विवेचना में लापरवाही और साक्ष्यों की अनदेखी करने के आरोप में एसपी अभिषेक ने मोतीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक की प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद एसपी ने विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।
एसपी ने बताया कि मोतीगंज के मुंगरौल बनकटी सूर्यबली सिंह गांव की पूजा शुक्ला ने तीन सितंबर 2026 को पति रमेश कुमार शुक्ल समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार पांडेय को सौंपी गई थी।
प्रारंभिक जांच में आरोप है कि विवेचक ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और आरोपियों की लोकेशन की अनदेखी करते हुए मामले को बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया और आरोपपत्र प्रेषित कर दिया। यह भी आरोप है कि पूजा को अनुचित लाभ पहुंचाने के इरादे से साक्ष्यों के विपरीत कार्रवाई की गई और उसे दोबारा प्रार्थनापत्र देकर उच्चाधिकारियों के समक्ष मामला उठाने के लिए प्रेरित किया गया।