डिग्री कॉलेज में सभी संकायों की सीट बढ़ोतरी की मांग को लेकर आक्रोशित छात्रों ने बुधवार को राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला फूंका।
छात्रों ने एलबीएस कॉलेज के मुख्य द्वार पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। छात्र नेता भानुप्रताप ओझा ने कहा कि कॉलेज परिसर में जगह-जगह जंगली घासें उगी हैं।
परिसर में जलभराव हो जाता है, जिससे छात्रों को काफी समस्याएं होती हैं।
कॉलेज के संकायों में कई वर्षों से सीटों की बढ़ोतरी की आवश्यकता है लेकिन सीटें नहीं बढ़ाई जा रही हैं। इससे छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिए भटकना पड़ता है। उन्हें निजी कालेजों में प्रवेश लेना पड़ता है, जिससे विद्यार्थियों को चार गुनी फीस भरनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से प्राचार्य को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि सीटों की बढ़ोतरी नहीं हुई तो अनवरत आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में अमन श्रीवास्तव, सुरेंद्र चौबे, प्रवेश पांडेय, राजाबाबू शुक्ला, दुर्गेश शुक्ला, राहुल, उमेश तिवारी आदि शामिल रहे।
फोटो-31-गोंडा के एलबीएस चौराहे पर प्रदर्शन कर कुलपति का पुतला फूंकते छात्र।