झंझरी (गोंडा)। शहर के स्टेशन रोड स्थित नूरामल मंदिर के पास बृहस्पतिवार को बाइक सवार छात्र को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। वह बाइक समेत नीचे आ गिरा।
ट्रक से कुचलकर उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस आवागमन बहाल कराने के बाद ट्रक कोतवाली ले गई। पुलिस के अनुसार, हादसे के दौरान छात्र ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के कलेना गांव निवासी विकास कुमार गुप्ता (21) पुत्र कृष्ण कुमार गुप्ता शहर के एलबीएस कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था।
बृहस्पतिवार को प्रयोगात्मक परीक्षा देने कॉलेज आया था। दोपहर में परीक्षा देने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। नूरामल मंदिर के पास ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। छात्र बाइक समेत ट्रक के नीचे आ गया। कुचलकर उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इससे जाम लग गया। हादसे की सूचना पर चौकी प्रभारी बड़गांव प्रेमानंद ने पहुंचकर जाम खुलवाया।
हादसे के बाद चालक ट्रक से कूदकर भाग निकला। हादसे की सूचना पर युवक के घर कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। युवक के परिजनों से तहरीर मांगी गई है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।