गोंडा। नगर कोतवाली के गायत्रीपुरम कैलाशपुरी में रहने वाले एक शिक्षक के घर बदमाशों ने रविवार तड़के धावा बोल दिया। संयोग से वहां पहुंचे दो छात्रों ने जेवर व नकदी लेकर भाग रहे बदमाशों का न सिर्फ पीछा किया, बल्कि घर से करीब 500 मीटर पर एक बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद बदमाशों ने एक छात्र के सिर पर सरिया हमला कर दिया और नकदी व जेवर लेकर भाग गए।
पंड़रीकृपाल ब्लॉक के निगवाबोध में तैनात शिक्षक अवधेश कुमार शुक्ल पत्नी लक्ष्मी व बेटी भूमि (06) के साथ कैलाशपुरी में रहते हैं। शनिवार को पैतृक गांव मोतीगंज के बढ़या बनकसिया चले गए थे। पत्नी लक्ष्मी अपनी बेटी के साथ मायके रगड़गंज गई थीं। साले का बेटा सजल मिश्र घर पर था। वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई करता है। रात करीब आठ बजे अकेले होने के कारण सजल गायत्रीपुरम में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे रिश्तेदार छात्र पुष्कर ओझा के पास सोने गया। वह मकान के सभी दरवाजों में ताला बंद कर गया था। रात करीब तीन बजे रिश्तेदार छात्र पुष्कर के साथ मकान देखने के लिए पहुंचा तो वहां से तीन बदमाश भाग रहे थे। सजल व पुष्कर ने बदमाशों का पीछा किया।
पुष्कर ने बताया कि करीब पांच सौ मीटर पीछा करने के बाद एक बदमाश को पकड़ लिया, लेकिन संख्या सात से अधिक होने के कारण अन्य बदमाशों ने पीछे से सरिया से हमला कर दिया। इसमें पुष्कर का सिर फट गया। बावजूद इसके वह करीब तीन मिनट तक बदमाशों से लड़ता रहा। उसके लहूलुहान होकर गिरने के बाद बदमाश वहां से नकदी व जेवर लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी आनंद कुमार राय, निरीक्षक अपराध अरविंद कुमार यादव के अलावा सर्विलांस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
लाखों की नकदी व जेवर ले गए बदमाश
पीड़ित शिक्षक ने बताया कि बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मकान में दाखिल हुए थे। उनके मकान में गेट नहीं लगा हुआ है। वहीं, अन्य कमरे के दरवाजे व बक्से के ताले तोड़ दिए। इसके बाद 60 हजार रुपये की नकदी, लॉकेट, अंगूठी, पायल व दो गुल्लक में रखे करीब पांच से सात हजार रुपये पार कर ले गए। निरीक्षक अपराध अरविंद कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर केस दर्ज कर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
घायल छात्र को पहुंचाया अस्पताल
मोतीगंज के मंगरावां सांगीपुर निवासी घायल पुष्कर ओझा ने बताया कि बदमाशों का पीछा करने के साथ ही शोर मचाया था, लेकिन कोई भी वहां नहीं पहुंचा। हालांकि, गंभीर रूप से घायल होने के बाद शिक्षक के पड़ोसी छात्र को मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां उसके सिर में सात से अधिक टांगे लगे हैं। छात्र ने बताया कि बदमाशों के हाथों में तमंचे थे। सभी बदमाश नकाब पहने हुए थे।
पहले भी हो चुकी है चोरी
शिक्षक ने बताया कि पहले भी उनके घर में चोरी हो चुकी है। करीब एक साल पहले चोर घर में घुसकर सिलिंडर समेत सामान उठा ले गए थे, शिक्षक ने शिकायत नहीं की थी। पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने से पहले रेकी की गई है। वहीं, आसपास के शातिरों के होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ के बाद कैमरे खंगाल रही है।