अनुराग तिवारी व उपेंद्र की फाइल फोटो।
बेलसर। गोंडा-बेलसर मार्ग पर बीते सोमवार को हुए सड़क हादसे में घायल छात्र और किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक ही गांव के दो लोगों की एक साथ मौत से परिजनों के साथ ही ग्रामीण भी शोकाकुल हैं।
गोंडा-बेलसर मार्ग पर जगदंबा शरण महाविद्यालय के सामने 15 जून को दो बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई थी। हादसे में मुजेड़ निवासी किसान उपेंद्र (32) और छात्र अनुराग (20) निवासी घना तिवारी पुरवा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था। उपेंद्र को केजीएमयू लखनऊ व अनुराग को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शनिवार देर रात दोनों की मौत हो गई।
अनुराग के बड़े भाई मुकेश तिवारी ने बताया कि उनका भाई इंटरमीडिएट का छात्र था। वह किसी काम से बेलसर से गोंडा जा रहा था, तभी सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई थी।
रक्तदान के बाद भी नहीं बची जान
सामाजिक कार्यकर्ता विवेक सिंह बाबा ने बताया कि हादसे में घायल उपेंद्र का बहुत खून बह गया था। ग्रामीणों ने एकजुट होकर उनके लिए रक्तदान भी किया लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
उपेंद्र दो भाइयों में बड़े थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटों उमंग (10) और ओंकार (12) के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी मीना और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अनुराग तिवारी व उपेंद्र की फाइल फोटो।