गोंडा। जिलेभर के जलाशयों से जलकुंभी हटवाने और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक लगाने के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं 36 विभाग अपने लगाए गए पौधों की निगरानी के साथ ही हर महीने रिपोर्ट तैयार करेंगे। ये निर्देश डीएम नेहा शर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला पर्यावरण और गंगा समिति की बैठक में जारी किए हैं। लापरवाह अफसरों को फटकार लगाते हुए उन्होंने कूड़ा प्रबंधन समेत सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर चालान काटने के साथ ही रोकथाम के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
डीएम नेहा शर्मा ने डोर-डू-डोर कूड़ा कलेक्शन न होने पर नगर पालिका के ईओ को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठाने के साथ ही गंदे पानी को जलाशयों व नदियों में जाने से रोका जाए। डीएम ने मेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर लचर रवैये पर सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा से कहा कि मेडिकल वेस्ट की निस्तारण की अस्पताल में समुचित व्यवस्था कराई जाए। अयोध्या प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से कहा कि नगर पालिका के लचर रवैये पर नोटिस देकर कार्रवाई की जानी चाहिए। बैठक में सीडीओ, डीएफओ, अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, डीडी एजी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, बीएसए, पंचायतीराज विभाग, नगर पालिका गोंडा, प्रदूषण नियंत्रण विभाग अयोध्या, पशुपालन विभाग, पावर कॉर्पोरेशन सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।