फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: गोंडा के शिक्षकों के अभिलेख खंगालेगी एसटीएफ

Tue, 10 Nov 2026 11:12 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। जिले के साढ़े सात हजार से अधिक परिषदीय शिक्षकों के अभिलेखों की जांच स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) करेगी। इसके लिए बीएसए अमित कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को एक सप्ताह में सभी शिक्षकों के नियुक्ति, शैक्षिक और प्रशिक्षण संबंधी प्रमाणपत्र जुटाने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों को इनके दो-दो स्वप्रमाणित सेट और फोटोयुक्त नोटरी शपथपत्र देना होगा। शपथपत्र में शिक्षा विभाग में बीएसए या उससे उच्च पद पर कार्यरत अथवा सेवानिवृत्त निकट संबंधियों का ब्योरा भी देना होगा।
विज्ञापन


जिले के 2609 परिषदीय विद्यालयों में साढ़े सात हजार से अधिक शिक्षक तैनात हैं। कक्षा एक से आठ तक के सभी शिक्षकों से हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड, बीटीसी, डीएलएड, बीएलएड और टीईटी-सीटीईटी के प्रमाणपत्र मांगे गए हैं। नियुक्ति आदेश, कार्यभार ग्रहण करने, स्थानांतरण और पदोन्नति से जुड़े दस्तावेजों के साथ चयन सूची और नियुक्ति के समय की मेरिट भी देनी होगी।

शिक्षकों का ब्योरा अंग्रेजी में एक्सेल शीट पर दर्ज किया जाएगा। इसमें मानव संपदा कोड, नाम, विद्यालय, नियुक्ति और पदोन्नति की तिथि, शैक्षिक व प्रशिक्षण योग्यता और टीईटी के अंक दर्ज होंगे। नियुक्ति के समय लागू न्यूनतम योग्यता और राजपत्र अधिसूचना के अनुसार मेरिट का विवरण भी देना होगा। कोई अभिलेख उपलब्ध न होने पर कारण सहित संबंधित कॉलम में ''नॉट अवेलेबल'' लिखना होगा।
विज्ञापन

रिश्तेदारों की नौकरी का भी ब्योरा देना होगा

शपथपत्र में पति-पत्नी, माता-पिता, पुत्र-पुत्री, सास-ससुर, बहू-दामाद, साले, जीजा, देवर, ननद, भाभी और चचेरे-ममेरे संबंधियों में किसी के भी शिक्षा विभाग में बीएसए या उससे उच्च पद पर कार्यरत अथवा सेवानिवृत्त होने की जानकारी देनी होगी। ऐसा कोई संबंधी न होने पर भी स्पष्ट रूप से शपथपत्र देना अनिवार्य है।
एसटीएफ रेंज कार्यालय भेजे जाएंगे अभिलेख

खंड शिक्षा अधिकारी विद्यालयवार अभिलेखों के दो सेट लेकर उनका मिलान करेंगे। इसके बाद विकासखंडवार एक्सेल शीट और प्रमाणपत्र बीएसए कार्यालय भेजे जाएंगे। वहां से पूरी सूचना एसटीएफ के रेंज कार्यालय को भेजी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, हाईकोर्ट के 16 अक्तूबर के आदेश के अनुपालन में यह प्रक्रिया शुरू की गई है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निगरानी और एसटीएफ के एडीजी को जांच की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लापरवाही पर संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें