राज्य महिला आयोग की सदस्य ने परखी महिलाओं की सेहत
- फोटो : अमर उजाला
राज्य महिला आयोग की सदस्य रुकैय्या बानो ने बुधवार को महिला अस्पताल के साथ ही जिला कारागार का भी औचक निरीक्षण किया। जहां दोनों ही जगहों पर उन्हें कोई बड़ी अनियमितता निरीक्षण के दौरान नहीं नजर आई। हालांकि साफ-सफाई की व्यवस्था महिला अस्पताल में खराब पाए जाने पर उन्होंने इसके लिए सीएमएस को जरूर निर्देशित किया।
बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य रुकैय्या बानो के साथ उनकी पूरी टीम सुबह साढ़े 11 बजे अचानक जिला अस्पताल पहुंची। उनके साथ सीओ राजेश तिवारी के अलावा अन्य लोग भी मौजूद रहे। जिन्होंने एक-एक वार्ड में जाकर वहां का निरीक्षण किया और मरीजों से उनका हाल जाना।
वार्ड में कई जगहों पर गंदगी मिलने और बेड पर बिछी चद्दरों के गंदा पाए जाने पर उन्होंने सीएमएस डॉ. अनिल सिंह को कड़ी हिदायत दी। वहीं आईसीयू, इमरजेंसी सहित अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में सीएमएस ने सदस्य को बताया कि उनके यहां डाक्टरों से लेकर अन्य स्टाफ की बेहद कमी है। जिस पर उन्होंने इसकी पूरी सूचना सीएमएस से तलब की है।
उन्होंने सीएमएस को डिलीवरी के लिए भर्ती महिलाओं व जिन महिलाओं की डिलीवरी हो चुकी हैं, उन्हें पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद ही अस्पताल से रिफर किए जाने के लिए कहा। साथ ही अस्पताल में परोसे जाने वाले भोजन की भी गुणवत्ता जांची।
इसके बाद सदस्य रुकैय्या बानो जिला कारागार पहुंची। जहां उन्होंने जेल में महिला कैदियों के लिए बनने वाले भोजन का जायजा भोजनालय पहुंचकर लिया। इस दौरान उनके साथ तमाम अन्य लोग मौजूद रहे।