स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार रात छठी राज्य स्तरीय ओपेन ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन सब जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबला हुआ। बालिका वर्ग के अंडर-16 एवं अंडर-18 किलोग्राम भारवर्ग में दूसरा प्रतिद्वंद्वी न होने के कारण लखीमपुर की आशी श्रीवास्तव तथा गाजीपुर की तेजस्विनी प्रजापति को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय ने दीप जलाकर राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वन निगम चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सलिल सिंह टीटू ने आनंदेश्वर पांडेय को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। बलरामपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन ने अतिथियों का स्वागत किया।
राष्ट्रगान से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। पहले दिन खेले गए सब जूनियर बालिका वर्ग अंडर-20 किलोग्राम भारवर्ग में गाजीपुर की कशिश भारती, अंडर-22 में लखनऊ की नीरजा प्रधान, अंडर-24 में फैजाबाद की भार्गवी मिश्रा, अंडर-26 में लखनऊ की भूमि जाटव, अंडर-29 में गाजीपुर की खुशी मोदनवाल, अंडर-32 में बलरामपुर की सोनम आनंद, अंडर-35 में बलरामपुर की सृष्टि यादव, अंडर-38 में फैजाबाद की अनुराधा पाल तथा अंडर-41 किलोग्राम भारवर्ग में बागपत की आरजू तोमर ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इ
सी तरह सब जूनियर बालक वर्ग के अंडर-18 किलोग्राम वर्ग में अलीगढ़ के युवराज सारस्वत, अंडर-21 में लखनऊ के कृष्णा रावत, अंडर-23 में शिवजीत चौहान, अंडर-32 में गाजीपुर के बचऊ यादव, अंडर-35 में वाराणसी के आदित्य कुमार सिंह तथा अंडर-50 किलोग्राम भारवर्ग में लखनऊ के शुभम यादव ने स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर प्रदुमन सिंह, जियाउल हशमत, शाबान अली, आलोक अग्रवाल, परमजीत सिंह सहित बलरामपुर ताइक्वांडो संघ के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।